भजन संहिता 77 (Psalms 77)

Hindi Bible — Hindi (हिंदी)

1 प्रधान बजानेवाले के लिये : यदूतून की राग पर, आसाप का भजन। मैं परमेश्‍वर की दोहाई चिल्‍ला चिल्‍लाकर दूँगा, मैं परमेश्‍वर की दोहाई दूँगा, और वह मेरी ओर कान लगाएगा।

2 संकट के दिन मैं प्रभु की खोज में लगा रहा; रात को मेरा हाथ फैला रहा, और ढीला न हुआ, मुझ में शान्ति आई ही नहीं।

3 मैं परमेश्‍वर का स्मरण कर करके कराहता हूँ; मैं चिन्ता करते करते मूर्च्छित हो चला हूँ। (सेला)

4 तू मुझे झपकी लगने नहीं देता; मैं ऐसा घबराया हूँ कि मेरे मुँह से बात नहीं निकलती।

5 मैं ने प्राचीनकाल के दिनों को, और युग युग के वर्षों को सोचा है।

6 मैं रात के समय अपने गीत को स्मरण करता; और मन में ध्यान करता हूँ, और मन में भली भाँति विचार करता हूँ :

7 “क्या प्रभु युग युग के लिये छोड़ देगा; और फिर कभी प्रसन्न न होगा?

8 क्या उसकी करुणा सदा के लिये जाती रही? क्या उसका वचन पीढ़ी पीढ़ी के लिये निष्फल हो गया है?

9 क्या परमेश्‍वर अनुग्रह करना भूल गया? क्या उसने क्रोध करके अपनी सब दया को रोक रखा है?” (सेला)

10 मैं ने कहा, “यही तो मेरा दु:ख है, कि परमप्रधान का दाहिना हाथ बदल गया है।”

11 मैं याह के बड़े कामों की चर्चा करूँगा; निश्‍चय मैं तेरे प्राचीनकालवाले अद्भुत कामों का स्मरण करूँगा।

12 मैं तेरे सब कामों पर ध्यान करूँगा, और तेरे बड़े कामों को सोचूँगा।

13 हे परमेश्‍वर तेरी गति पवित्रता की है। कौन सा देवता परमेश्‍वर के तुल्य बड़ा है?

14 अद्भुत काम करनेवाला परमेश्‍वर तू ही है, तू ने देश देश के लोगों पर अपनी शक्‍ति प्रगट की है।

15 तू ने अपने भुजबल से अपनी प्रजा, याकूब और यूसुफ के वंश को छुड़ा लिया है। (सेला)

16 हे परमेश्‍वर, समुद्र ने तुझे देखा, समुद्र तुझे देखकर डर गया, गहिरा सागर भी काँप उठा।

17 मेघों से बड़ी वर्षा हुई; आकाश से शब्द हुआ; फिर तेरे तीर इधर उधर चले।

18 बवण्डर में तेरे गरजने का शब्द सुन पड़ा था; जगत बिजली से प्रकाशित हुआ; पृथ्वी काँपी और हिल गई।

19 तेरा मार्ग समुद्र में है, और तेरा रास्ता गहिरे जल में हुआ; और तेरे पाँवों के चिह्न मालूम नहीं होते।

20 तू ने मूसा और हारून के द्वारा अपनी प्रजा की अगुवाई भेड़ों की सी की।

  • Psalms 76 — previous chapter
  • Psalms 78 — next chapter
  • Psalms 77 — English (KJV)
  • Psalms 77 — English (WEB)
  • Psalms 77 — Tamil (தமிழ்)
  • Psalms 77 — Kannada (ಕನ್ನಡ)
  • Psalms 77 — Malayalam (മലയാളം)